

प्यासे पशुधन को सेवा योजना ने पहुंचाया पानी
बीकानेर। कोटड़ी गांव में जलदाय विभाग के कुएं पर मशीनी खराबी आने के कारण क्षेत्र का सैकड़ों पशुधन दो दिनों तक भीषण गर्मी में पानी के अभाव से परेशान रहा। पशुओं की इस समस्या की सूचना मिलते ही बीकानेर सेवा योजना की टीम तत्काल सक्रिय हुई। बीकानेर सेवा योजना के कार्यकर्ता छोटूलाल चुरा के नेतृत्व में टीम कोटड़ी गांव पहुंची और जनसहयोग से टैंकर की व्यवस्था कर पशुधन के लिए पानी उपलब्ध कराया। टैंकर के माध्यम से पशुओं की प्यास बुझाई गई, जिससे ग्रामीणों एवं पशुपालकों को राहत मिली। संस्था के अध्यक्ष राजकुमार व्यास ने बताया कि सेवा योजना समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य में महावीर सिंह सुरधना, राकेश कुमार, वन विभाग के किशोर सिंह, रमेश व्यास, गोपीकिशन पेड़ीवाल तथा श्यामसुंदर साध का विशेष सहयोग रहा। ग्रामीणों ने सेवा योजना के इस त्वरित मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
