

योग संगम का आयोजन
बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के तहत जवाहर पार्क में ‘महर्षि पतंजलि योग संस्थान’ के बैनर तले एक भव्य ‘योग संगम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों और खिलाड़ियों ने भाग लिया। योग गुरु दीपक शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को योग प्रोटोकॉल के तहत शिथिलीकरण अभ्यास, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम और विभिन्न योग मुद्राओं का सामूहिक अभ्यास करवाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) उम्मेद सिंह रतनू ने योग को संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया। साथ ही, उन्होंने आमजन को 21 जून को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होने वाले जिला स्तरीय योग दिवस समारोह में पहुंचने का आह्वान किया। इस अवसर पर देवेंद्र सारस्वत, लोकेश व्यास, हिमांशु सारस्वत, शोभा सारस्वत, सीए दीपक व्यास, घनश्याम कुचेरिया, और वैदिक मार्शल आर्ट व द्रोणाचार्य तीरंदाजी संस्थान के खिलाड़ियों सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
