

गौ संरक्षण के संकल्प के साथ श्री गौ नंदी कृपा कथा एवं सुरभि यज्ञ सम्पन्न
बीकानेर। केसरदेसर जाटान गांव स्थित गौशाला में आयोजित सात दिवसीय श्री गौ नंदी कृपा कथा एवं सुरभि यज्ञ का समापन महाआरती, सामूहिक प्रसाद वितरण तथा गौ रक्षकों एवं गौ सेवकों के अभिनंदन के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर संत-महात्माओं के सान्निध्य में गौशाला संचालकों, गौ भक्तों एवं श्रद्धालुओं की सभा आयोजित की गई। सभा में गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तथा गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के समर्थन में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। साथ ही अधिकाधिक हस्ताक्षर एकत्रित कर 27 जुलाई 2026 को जिला कलक्टर को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपने का निर्णय भी दोहराया गया।
इस अवसर पर गोपाल नंद सरस्वती एवं स्वामी चन्द्रदास महाराज ने कहा कि राजस्थान वीरों, धर्मात्माओं और गौ रक्षकों की पावन भूमि रही है। उन्होंने गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए समाज से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मणका देवी, गोपी किशन चांडक, जुगल चांडक, श्रीमती मधु चांडक, सुशील-स्नेहा चांडक, सुनील-संतोष चांडक एवं प्रयाग चंद चांडक सहित आयोजन से जुड़े गौ भक्तों ने उपस्थित गौ सेवकों और गौ रक्षकों का सम्मान एवं अभिनंदन किया। सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में कथा, यज्ञ, भजन, सत्संग एवं गौ सेवा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से गौ संरक्षण, धर्म जागरण और सामाजिक चेतना का संदेश प्रसारित किया गया। श्रद्धालुओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
