

एवियन इन्फ्लुएंजा पर व्याख्यान आयोजित
बीकानेर। पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर में व्याख्यान श्रृंखला के तहत “अत्यधिक रोग जनक एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस का महत्व एवं मुकाबला करने की रणनीतिया” तथा “तेजी से बदलते वैश्विक परिवेश में पशुचिकित्सकों की भूमिका, अवसर एवं चूनौतिया विषय पर व्याख्यानो का आयोजन किया गया। प्रो. सुरेश के. मित्तल, पैथोबायोलॉजी विभाग, वेटरनरी मेडिसिन महाविद्यालय, पर्ड्यू विश्वविद्यालय, (यू.एस.ए.) कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों की विषय विशेषज्ञता बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगे तथा प्रख्यात वक्ताओं के अनुभवों को जानने में सहयोगी होगे। उन्होने विद्यार्थियों को विदेश में शिक्षा, शोध, कार्यक्षेत्र एवं रोजगार की संभावनाओं एवं भविष्य के बारे में बताया। प्रो. सुरेश के. मित्तल ने अत्यधिक रोग जनक एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस की विश्व में रोगजनकता, इसकी संक्रमणशीलता, बचाव, उपाय तथा पशुओं में इसके टीकाकरण पर विस्तार से बताया तथा वैश्विक पटल में पशुचिकित्सा की भूमिका तथा इसके विभिन्न आयाम एवं चुनौतियों को विस्तार से बताया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को विदेश में शिक्षा एवं शोध हेतु आवश्यक परीक्षाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी अधिष्ठाता वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन डॉ. अशोक गौड़ ने किया।
