Bikaner District Jaipur Rajasthan

अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई, दुकान सील

अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई, दुकान सील
जयपुर/सीकर। अलका टॉकीज के पास सीकर रोड स्थित एक दुकान में कथित रूप से चल रहे अवैध शराब कारोबार की शिकायत के बाद पुलिस एवं आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसर को सील कर दिया। जानकारी के अनुसार, शराबबंदी आंदोलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूनम अंकुर छाबड़ा द्वारा इस संबंध में शिकायत और कार्रवाई की मांग उठाए जाने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। शिकायत मिलने पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके पश्चात आबकारी विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान संबंधित दुकान में नियमों के उल्लंघन की आशंका के आधार पर कार्रवाई करते हुए परिसर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल रही तथा अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की सख्ती का संदेश गया। डॉ. पूनम अंकुर छाबड़ा ने कहा कि अवैध शराब कारोबार समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और इसके खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने पर संतोष व्यक्त किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अवैध शराब कारोबार के मामलों में जांच जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *