

भक्ति संध्या में गूंजे गौ माता, रामदेवजी और करणी माता के भजन, श्रद्धालु हुए भाव-विभोर
बीकानेर। केसरदेसर जाटान स्थित गौशाला में आयोजित श्री गौ नंदी कृपा कथा एवं सुरभि यज्ञ के अंतर्गत बुधवार रात्रि को भव्य भक्ति संगीत संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध संत प्रकाश दास महाराज एवं उनकी भजन मंडली ने देवी करणी माता, बाबा रामदेवजी, भगवान श्रीराम और गौ माता की महिमा से जुड़े भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु भजनों की मधुर धुनों पर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर आयोजित श्री गौ नंदी कृपा कथा में वक्ताओं ने गौ संरक्षण और गौ संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा के दौरान गोपाल ने बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत देशभर में 40 करोड़ लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित करने का महाअभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गौ माता को सम्मान दिलाने और गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण करना है।
मणका देवी एवं गोपी किशन चांडक परिवार के सान्निध्य में आयोजित कथा एवं यज्ञ कार्यक्रम में गौ सेवा एवं आयोजन में विशेष सहयोग देने वाले दामोदर दास, आसकरण भट्ठड़, श्रवण कुमार, रामकुमार बागड़ी, अमरदास भतमाल, श्यामसुंदर, किशनलाल मीमाणी, विनोद कुमार चांडक, सूरजराम गोदारा, मनीष कुमार मूंधड़ा, शांति बाई एवं श्रीकिशन झंवर का सम्मान किया गया।
इनका अभिनंदन गोपी किशन चांडक, प्रयागचंद चांडक, जुगल चांडक एवं मधु चांडक सहित आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में गौभक्तों एवं श्रद्धालुओं ने गौ सेवा, धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
