

नगर निगम कार्यालय यथावत रखने की मांग को मिली गति
बीकानेर। गंगाशहर नगर निगम कार्यालय को पूर्ववत बनाए रखने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में भाजपा नेता मोहन सुराणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से मुलाकात कर गंगाशहर नगर निगम कार्यालय से जुड़े मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को गंगाशहर क्षेत्र की जनता की भावनाओं एवं निगम कार्यालय की उपयोगिता से अवगत कराया। इस पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर से चर्चा की और प्रतिनिधिमंडल को उनसे मुलाकात कर विषय पर सकारात्मक पहल करने के निर्देश दिए।
भाजपा नेताओं ने बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगाशहर नगर निगम कार्यालय की सेवाएं पूर्व की भांति जारी रहेंगी तथा नागरिकों के सभी कार्य सुचारू रूप से संपादित किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने इस विषय पर सकारात्मक पहल के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
