

जेएनवीसी थाना क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की वारदातें, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
बीकानेर। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार प्रतिदिन एक-एक होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है। ताजा मामला आदर्श कॉलोनी स्थित विद्युत निगम केंद्र के पास का है, जहां अज्ञात चोर शिव कुमार सोनी की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। बताया जा रहा है कि चोर ने मोटरसाइकिल का हैंडल लॉक और चाबी के तार तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुई बाइक का नंबर आरजे 07 एसपी 6689 है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। थाना प्रभारी विक्रम तिवारी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने अभय कमांड सेंटर सहित घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मोटरसाइकिल चोरी करने वाला किसी बाहरी गैंग का सदस्य हो सकता है। इसी तरह दूसरी वारदात सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी सेंटर में हुई। यहां एमआरआई सेंटर के पास खड़ी रेडियोग्राफर गोविंद बिश्नोई की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिसका नंबर आरजे 54 एसए 0291 है, सोमवार अलसुबह अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
