

लापता पर्वतारोहियों को दी श्रद्धांजलि, 40वीं पुण्य स्मृति पर हुआ स्मरण कार्यक्रम
बीकानेर। दी पायोनियर्स एडवेंचर सोसायटी, बीकानेर द्वारा पर्वतारोहण अभियान के दौरान लापता हुए साहसिक पर्वतारोहियों अरविन्द बोड़ा, भानू सोनी और सूर्य सुथार की 40वीं स्मृति पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर साहसिक गतिविधियों से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहस और समर्पण को याद किया। आर. के. शर्मा ने बताया कि डॉ. करणी सिंह स्टेडियम स्थित वॉल परिसर में स्थापित शिलालेख पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। यह शिलालेख उन तीनों साहसी पर्वतारोहियों की स्मृति में बनाया गया है, जो 26 मई 1986 को धौलाधार पर्वत श्रृंखला के इन्द्राहार पास अभियान के दौरान दल से बिछड़कर लापता हो गए थे। कार्यक्रम के दौरान इन्द्राहार पास अभियान की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि अभियान के दौरान मौसम और कठिन परिस्थितियों के बीच ये तीनों पर्वतारोही मुख्य दल से अलग हो गए थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। उपस्थित पर्वतारोहियों एवं साहसिक गतिविधियों से जुड़े लोगों ने उनके साहस, जुनून और पर्वतारोहण के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर डॉ. सुषमा बिस्सा, आर. के. श्रीमाली, नरेश अग्रवाल, मनोहर लाल वर्मा, अशोक श्रीमाली, भूदेव शर्मा, पार्थ मंगल, राजीव गुप्ता, यशपाल आचार्य, सवाई सिंह, रोहिताश्व बिस्सा, मोहित, ओजस्वी बिस्सा, मुराद अली, पल्लवी बिस्सा सहित अनेक आरोहक एवं साहसिक गतिविधियों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
