Bikaner Bikaner District Rajasthan

शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ द्वारा वर्ष 2022 से पदस्थापित शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण एवं शारीरिक शिक्षकों तथा खिलाड़ियों की विभिन्न मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक को ज्ञापन सौंपा गया।
राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष हापूराम सचौधरी के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया। जिला शाखा बीकानेर के अध्यक्ष राजेन्द्र व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि संघ की ओर से शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक सीताराम जाट को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में वर्ष 2022 की शारीरिक शिक्षक भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों का शीघ्र स्थायीकरण एवं नियमितिकरण करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन अवकाश में की गई कटौती वापस लेकर 30 जून तक अवकाश बहाल करने की मांग भी रखी गई। संघ ने वर्ष 2022 की वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन के नाम पर रोके गए 60 चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति देने की मांग की। साथ ही एचएम पावर की छुट्टियों में की गई कटौती को पुनः बहाल करने का आग्रह किया गया। ज्ञापन में कक्षा 6 से 8 तक स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा की पाठ्यपुस्तकें विद्यालयों को निःशुल्क उपलब्ध करवाने, नवगठित जिलों के माध्यमिक एवं उप जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के पद सृजित करने तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के बाद दूसरा पद शारीरिक शिक्षक का स्वीकृत करने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा जिला एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का भोजन भत्ता बढ़ाकर 250 रुपये प्रतिदिन करने, राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु राशि बढ़ाकर 2 लाख रुपये स्वीकृत करने तथा 14 वर्ष आयु वर्ग में योगा खेल प्रतियोगिताएं प्रारंभ करवाने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई। संघ ने उच्च माध्यमिक विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुपात में शारीरिक शिक्षा के पद स्वीकृत करने, कैडर के 50 प्रतिशत पद सृजित करने, खेलकूद मॉड्यूल प्रपत्र-10 में संशोधन करने तथा शारीरिक शिक्षा क्षेत्र में पदोन्नति संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग भी उठाई। इस अवसर पर राजेश सेवग, देवेन्द्र सिंह चौहान, हनुमानसिंह भाकर, हरलाल डुकिया, देवेन्द्र चौधरी, त्रिनेत्र शर्मा, नवदीप छंगाणी सहित अनेक शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *