Bikaner Bikaner District Rajasthan

हैडर पाइप फटने से शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट, महिलाओं ने जताया आक्रोश

हैडर पाइप फटने से शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट, महिलाओं ने जताया आक्रोश
बीकानेर। शोभासर जलाशय की हैडर पाइप लाइन फटने और उसकी मरम्मत में अपेक्षा से अधिक समय लगने के कारण शनिवार को शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते नया शहर, नत्थूसर, मुरलीधर, रामपुरा, मुक्ता प्रसाद, सर्वोदय बस्ती एवं चौखूंटी क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी की आपूर्ति नहीं होने से परेशान महिलाओं ने नया शहर टंकी के पास पहुंचकर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई और खरी-खोटी सुनाई। दिनभर विभिन्न मोहल्लों से महिलाओं के जत्थे वहां पहुंचते रहे, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस का सहयोग लेना पड़ा। विभागीय अभियंताओं ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान कुछ स्थानों पर अव्यवस्था की स्थिति भी सामने आई। आरोप है कि कुछ छुटभैया नेताओं ने टैंकरों को रोककर जरूरतमंद क्षेत्रों की बजाय अपने परिचितों के यहां पानी डलवाने का प्रयास किया। कुछ स्थानों पर यह प्रयास सफल भी रहे, जिसके चलते वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच सका। नया शहर क्षेत्र के सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंताओं को दिनभर लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। लगातार घेराव और शिकायतों के चलते वे देर शाम तक भोजन-पानी तक नहीं कर सके। अभियंताओं ने बताया कि विभाग ने उपलब्ध संसाधनों के अनुसार टैंकरों से पानी पहुंचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन शोभासर जलाशय से आपूर्ति बंद होने के कारण स्थिति प्रभावित रही। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने आमजन से धैर्य बनाए रखने तथा पानी का सदुपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *