

अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जागरूकता शिविर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित
बीकानेर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पशु जैव विविधता संरक्षण केन्द्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस-2026 “वैश्विक प्रभाव के लिए स्थानीय स्तर पर कार्य करना” थीम पर मनाया गया। इस अवसर पर केन्द्र द्वारा जागरूकता शिविर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष का आयोजन वैश्विक अभियान के अनुरूप किया गया, जिसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर किए जाने वाले छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से वैश्विक पर्यावरण एवं पशुधन संपदा को समृद्ध बनाना है। केन्द्र की प्रमुख अन्वेषक डॉ. रजनी अरोड़ा ने बताया कि स्वदेशी पशुधन एवं स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण ही जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता संकट का स्थायी समाधान है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता और स्थानीय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। केन्द्र द्वारा गुरुवार को नाल बड़ी क्षेत्र में पशुपालकों के लिए जैव विविधता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। वहीं शुक्रवार को श्री अभय एनिमल हसबेंडरी महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता शिविर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में माया बिश्नोई एवं राधेश्याम स्वामी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में कुल 49 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
