Bikaner Bikaner District Rajasthan

एआईबीआई परीक्षा केन्द्र बीकानेर में स्थापित करने की मांग, बार एसोसिएशन ने भेजा ज्ञापन

एआईबीआई परीक्षा केन्द्र बीकानेर में स्थापित करने की मांग, बार एसोसिएशन ने भेजा ज्ञापन
बीकानेर। बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा अखिल भारतीय बार परीक्षा (एआईबीआई) का परीक्षा केन्द्र बीकानेर में स्थापित किए जाने की मांग को लेकर बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष को ज्ञापन प्रेषित किया गया है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में एआईबीआई परीक्षा के केवल दो केन्द्र होने के कारण बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू एवं आसपास के जिलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए 400 से 500 किलोमीटर तक की यात्रा करनी पड़ती है। परीक्षा केन्द्र पर समय पर पहुंचने के लिए अधिकांश अभ्यर्थियों को एक दिन पूर्व संबंधित शहर में पहुंचना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक भार बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि नव-अधिवक्ताओं एवं विधि के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को यात्रा, आवास और अन्य खर्चों पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि प्रारंभिक स्तर पर अधिकांश नव-अधिवक्ताओं की आय सीमित होती है। ऐसे में दूरस्थ परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचना उनके लिए आर्थिक एवं मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण साबित होता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बीकानेर में उत्कृष्ट शैक्षणिक अधोसंरचना उपलब्ध है तथा बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से प्रतिवर्ष लगभग 4000 से 5000 अभ्यर्थी एआईबीआई परीक्षा में सम्मिलित होते हैं। इसके बावजूद बीकानेर में परीक्षा केन्द्र नहीं होना क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं नव-अधिवक्ताओं के लिए असुविधाजनक है। बार एसोसिएशन ने अभ्यर्थियों की सुविधा, आर्थिक राहत एवं समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीकानेर में शीघ्र एआईबीआई परीक्षा केन्द्र स्थापित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *