Bikaner Bikaner District Rajasthan

नहरबंदी में परकोटे की बिगड़ी जल व्यवस्था, आमजन परेशान

“जरूरतमंदों को नहीं मिल रहा पानी, महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर लोग”
बीकानेर। नहरबंदी के दौरान शहर के परकोटे क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार हालात पिछले कई वर्षों की तुलना में अधिक खराब हैं। कई इलाकों में जरूरत के अनुसार पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजकुमार व्यास ने बताया कि शहरी परकोटे में रहने वाले लोगों को नियमित और पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नथूसर टंकी और नयाशहर टंकी पर संपर्क करने अथवा पानी के टैंकर भेजने का अनुरोध करने पर वहां मौजूद स्टाफ की ओर से एक ही जवाब दिया जाता है कि “विधायक महोदय से प्राप्त सूची के अनुसार ही पानी भेजा जा रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के कारण अनेक जरूरतमंद परिवारों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और लोगों को मजबूरी में निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि आमजन को एक टैंकर पानी के लिए 1200 से 1500 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
राजकुमार व्यास ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा सभी क्षेत्रों में समान रूप से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *