

सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम
बीकानेर। अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन सुरेश कुमार यादव की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति, इको टूरिज्म, आरा मशीन, मोर शिकार प्रकरण एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पॉलीथिन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया। एडीएम प्रशासन यादव ने शहर में बढ़ रहे प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण तथा आमजन को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई। राजकुमार मीणा ने बताया कि जिले में कहीं भी सिंगल यूज प्लास्टिक के उत्पादन की सूचना देने वाले व्यक्ति को 15 हजार रुपये तथा इसके अवैध स्टॉक की जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। बैठक में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रशासन, विभागीय अधिकारियों एवं आमजन की सहभागिता को आवश्यक बताते हुए प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने का आह्वान किया गया।
