

व्याख्याता काउंसलिंग में सभी रिक्त पद प्रदर्शित करने की मांग, वरिष्ठ अध्यापक संघ ने जताई आपत्ति
बीकानेर। वरिष्ठ अध्यापक से व्याख्याता पद पर पदोन्नति के बाद आयोजित की जा रही काउंसलिंग प्रक्रिया पर राजस्थान वरिष्ठ अध्यापक संघ कला वर्ग ने कड़ी आपत्ति जताई है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष Subhash Joshi ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर काउंसलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतते हुए सभी रिक्त पद प्रदर्शित करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य सरकार ने तीन वर्ष बाद वरिष्ठ अध्यापकों को पदोन्नति देकर व्याख्याता बनने का अवसर प्रदान किया है, जिससे शिक्षकों में खुशी का माहौल था। लेकिन काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान सीमित रिक्त पद प्रदर्शित किए जाने से पदोन्नत वरिष्ठ अध्यापकों में मायूसी फैल गई है। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष जोशी ने कहा कि प्रत्येक जिले में उपलब्ध समस्त रिक्त पदों को काउंसलिंग के दौरान प्रदर्शित किया जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो अपने जिले में रिक्तियां होने के बावजूद भी पदोन्नत शिक्षकों को मजबूरन दूसरे जिलों में नियुक्ति लेनी पड़ेगी, जिससे उन्हें पारिवारिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। संघ ने मांग की है कि शिक्षा विभाग सभी रिक्तियों को सार्वजनिक करते हुए पदोन्नत व्याख्याताओं को अपने विद्यालय एवं जिले का चयन करने का अवसर प्रदान करे। इससे शिक्षक राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप स्वस्थ मानसिकता के साथ विद्यालयों में कार्य कर सकेंगे तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा पाएंगे। संघ ने यह भी आग्रह किया कि जिले के सभी विद्यालयों की रिक्तियां प्रदर्शित कर पदोन्नत व्याख्याताओं को अपने ही जिले में नियुक्ति का अवसर दिया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
