

जिला न्यायालय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, बार एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। बार एसोसिएशन, बीकानेर ने अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि न्यायालय परिसर में विभिन्न तारीखों पर असामाजिक तत्वों एवं खतरनाक अपराधियों का लगातार आवागमन बना रहता है, जिससे अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों एवं आमजन में असुरक्षा की भावना व्याप्त है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में न्यायालय भवन को उड़ाने की धमकियां मिलने से भय का वातावरण और अधिक गहरा गया है। इसके अलावा न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था भी अव्यवस्थित रहती है, जिससे न्यायिक कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है। बार एसोसिएशन ने मांग की कि न्यायालय समय के दौरान परिसर में पर्याप्त संख्या में सशस्त्र गार्ड तैनात किए जाएं अथवा नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। साथ ही नए व पुराने न्यायालय परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। इस दौरान बार अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने पुलिस अधीक्षक द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान से बीकानेर के युवाओं के भविष्य एवं स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस अवसर पर सचिव हेमंत सिंह, उपाध्यक्ष लेखराम धत्तरवाल, पूर्व अध्यक्ष रघुवीर सिंह, भंवर लाल बिश्नोई, सुखदेव व्यास, रूपेंद्र सिंह, रामनिवास विश्नोई, ताराचंद उपाध्याय, मनीष सांखला सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
