

पीबीएम अस्पताल में बंद ट्यूबवेल का हुआ पुनर्जीवन
बीकानेर। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को राहत देने के उद्देश्य से पीबीएम अस्पताल परिसर में एक सराहनीय पहल की गई। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाराजा एमआरआई सेंटर के सामने लंबे समय से बंद पड़े ट्यूबवेल का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कर उसे पुनः चालू किया गया। यह कार्य समाजसेवी रूप किशोर व्यास की प्रेरणा से स्वर्गीय सूरजमल राठी परिवार, भामाशाह रामकिशन डागा, रमेश छिम्पा, विनोद मोदी, मनोज बजाज, हीरालाल गेधर एवं रामधन डागा के सहयोग से संपन्न हुआ। इस जनहितकारी पहल से अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और आमजन को पेयजल की उपलब्धता में काफी राहत मिलेगी। इस अवसर पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार, पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया, डॉ. जितेंद्र आचार्य, शिव मारू, दीपक मोदी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। वहीं पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि बंद पड़े ट्यूबवेल के पुनः शुरू होने से अस्पताल परिसर में जल संकट काफी हद तक कम होगा और मरीजों व स्टाफ को बड़ी राहत मिलेगी।
