

पत्रकारों ने भूखंड आवंटन में पारदर्शिता की उठाई मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। शहर के पत्रकारों ने अपने अधिकारों को लेकर एकजुटता दिखाते हुए जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान, बीकानेर इकाई के बैनर तले जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के चेयरमैन निशांत जैन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भूखंड आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता, समानता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर में अब तक केवल दो बार ही पत्रकारों को भूखंड आवंटित किए गए हैं, जबकि आज भी बड़ी संख्या में योग्य और सक्रिय पत्रकार इस सुविधा से वंचित हैं। संगठन ने इसे प्रशासनिक असंतुलन बताते हुए मांग की कि बीडीए द्वारा विकसित सभी कॉलोनियों में पत्रकारों के लिए आरक्षित भूमि को स्पष्ट रूप से चिन्हित कर निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से आवंटन किया जाए। संगठन ने यह भी जानकारी मांगी कि अब तक किन-किन कॉलोनियों में कितने भूखंड आरक्षित किए गए और उनमें से कितनों का वास्तविक आवंटन हुआ, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बन सके। इस पर जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि लॉटरी प्रक्रिया तक ही आरक्षण लागू रहता है। इस पर पत्रकारों ने राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया, जिस पर कलेक्टर ने सकारात्मक प्रयास का आश्वासन दिया। अनुराग हर्ष के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित करने का सुझाव भी दिया, ताकि दस्तावेजों की जांच कर पात्र पत्रकारों को शीघ्र लाभ मिल सके।
ज्ञापन में एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए पब्लिक पार्क स्थित पत्रकारों को पूर्व में आवंटित क्राउन पार्क को निजी फर्म को दिए जाने पर आपत्ति जताई गई। संगठन ने इस पार्क को पुनः पत्रकारों को सौंपने की मांग की, यह कहते हुए कि इसके विकास में पत्रकारों का भी योगदान रहा है। इस संबंध में कलेक्टर ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल में अनुराग हर्ष, पूर्व अध्यक्ष राजेश ओझा, आनंद आचार्य, बृज मोहन रामावत, विनय थानवी, मनोज व्यास, योगेश खत्री, कुलदीप चारण, शिवराज पंचारिया सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
