

उच्च शिक्षा नीतियों में सुधार की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू
बीकानेर। उच्च शिक्षा से जुड़ी नीतियों को लेकर देशभर में जारी चर्चा के बीच बीकानेर से एक सकारात्मक पहल सामने आई है। परशुराम आर्मी, बीकानेर के तत्वावधान में महा हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य शिक्षा नीतियों की समीक्षा कर उनमें आवश्यक सुधार की मांग करना है। अभियान के माध्यम से छात्रों के बीच अवसरों के संतुलन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। वर्तमान व्यवस्था को लेकर विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों में असंतोष और चिंता देखी जा रही है, जिसके समाधान के लिए यह जन-जागरूकता पहल शुरू की गई है। रवि कलवानी ने बताया कि आज आवश्यकता इस बात की है कि समाज का हर वर्ग जागरूक होकर इस विषय पर गंभीरता से विचार करे और सकारात्मक बदलाव के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए छात्रों की आवाज को सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है, ताकि शिक्षा व्यवस्था में समान अवसर और न्याय सुनिश्चित हो सके। अभियान को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसमें भागीदारी निभा रहे हैं।
