

सेवा आश्रम के बच्चों के साथ खुशियां बांटकर दिया अपनत्व का संदेश
बीकानेर। सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित वी आर फाउंडेशन की ओर से एक प्रेरणादायी पहल करते हुए मुस्कान खत्री ने अपने पुत्र का जन्मदिन सेवा आश्रम के बच्चों के साथ सादगी, अपनत्व और सेवा भावना के साथ मनाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों को मिठाइयां, उपहार तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां साझा करना और उन्हें समाज से जुड़ाव एवं अपनत्व का एहसास कराना रहा। फाउंडेशन के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान अर्चना सक्सेना ने कहा कि बच्चे हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्हें प्यार, सम्मान और सही अवसर देना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। इस मौके पर मुस्कान खत्री, शीतल सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और बच्चों के साथ मिलकर जन्मदिन को यादगार बनाया।
