Bikaner Bikaner District Rajasthan

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से उठाई जनसमस्याएं, सीवरेज व बिजली कटौती पर जताई नाराजगी

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से उठाई जनसमस्याएं, सीवरेज व बिजली कटौती पर जताई नाराजगी
बीकानेर। बीकानेर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने मोहन सुराणा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर निशांत जैन से मुलाकात कर शहर की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में चल रहे सीवरेज कार्यों के कारण जगह-जगह खुदी पड़ी सड़कों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से सड़कों के खुदे होने से यातायात बाधित हो रहा है, दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और स्थानीय व्यापारियों सहित आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर सड़कों का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने से धूल, गंदगी और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। इस दौरान बीकेईएसएल बिजली कंपनी द्वारा की जा रही अघोषित बिजली कटौती पर भी प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जताई और जिला कलेक्टर से कंपनी को पाबंद करने की मांग की, ताकि शहरवासियों को अनावश्यक बिजली संकट का सामना न करना पड़े। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और आमजन को राहत पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा नेता मनीष सोनी, कुणाल कोचर, पंकज अग्रवाल, देवेंद्र तंवर एवं विमल पारीक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *