

अब निम्न आय वर्ग की छात्राओं के लिए सीए बनने का सपना होगा साकार
बीकानेर। रेखा सोमानी फाउंडेशन, उदयपुर की प्रेरणादायी पहल के माध्यम से अब सर्व समाज के निम्न आय वर्ग के परिवारों की मेधावी छात्राओं के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सी.ए.) बनने का सपना साकार करना आसान हो गया है। इस महत्वपूर्ण अभियान में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल छात्राओं के चयन में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में बीकानेर में एसपी मृदुल कच्छावा द्वारा योजना के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी, सचिव संजय सांड, सुशील कुमार यादव तथा संस्था से जुड़े कमल जोशी (एडवोकेट) भी उपस्थित रहे। मृदुल कच्छावा ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बेहद उपयोगी हैं और इससे प्रतिभाशाली छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान रेखा सोमानी फाउंडेशन के संचालक सीए देवेंद्र सोमानी ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को चार्टर्ड अकाउंटेंट बनाना है। उन्होंने जानकारी दी कि हर वर्ष सर्व समाज की 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली निम्न आय वर्ग की 100 छात्राओं का चयन किया जा रहा है, ताकि उन्हें उच्च शिक्षा और पेशेवर मार्गदर्शन मिल सके। यह पहल न केवल छात्राओं के भविष्य को संवारने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि समाज में शिक्षा और सशक्तिकरण को भी नई दिशा देगी।
