

आयकर कर्मचारी महासंघ द्वारा द्विवार्षिक अधिवेशन की स्मारिका का विमोचन
बीकानेर। आयकर कर्मचारी महासंघ, शाखा बीकानेर द्वारा आयोजित 29वें द्विवार्षिक अधिवेशन के अंतर्गत स्मारिका विमोचन समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आयकर अपर निदेशक (अन्वेषण), जोधपुर, प्रेरणा चौधरी उपस्थित रहीं। उन्होंने स्मारिका का विधिवत विमोचन करते हुए महासंघ की गतिविधियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की स्मारिकाएं न केवल संगठन की उपलब्धियों को संजोती हैं, बल्कि भविष्य के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनती हैं। कार्यक्रम में आयकर कर्मचारी महासंघ, राजस्थान सर्किल के पदाधिकारी—राजेन्द्र मीणा (अध्यक्ष), सियाराम स्वामी, अनुज बिश्नोई एवं हनुमान शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की एकजुटता और सक्रियता को और सशक्त बनाने पर बल दिया। इस अवसर पर नारायण बच्छ, अंकुश विश्नोई, विकेश कडवासरा सहित अन्य पदाधिकारियों के निर्देशन में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। समारोह के अंत में सभी ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।
