

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिया संरक्षण का संदेश
बीकानेर। पृथ्वी दिवस के अवसर पर शहर में विभिन्न पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में करूणा टीम तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा पृथ्वी पर हो रहे दुष्प्रभाव और उसके संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और प्रकृति बचाने का प्रभावशाली संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान रमेश कुमार मोदी, हनुमान छींपा और सौरभ बजाज ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता के परिणामों में वरिष्ठ वर्ग में कल्पित कुमार दैया ने प्रथम तथा खेमचंद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में संध्या प्रथम, सोनाक्षी द्वितीय और जानवी तृतीय स्थान पर रही।
