

तीन दिवसीय ऑन्कोपैथोलॉजी वर्कशॉप का समापन, विशेषज्ञों ने साझा किया ज्ञान
बीकानेर। एसपी मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के पैथोलॉजी विभाग द्वारा टाटा मेमोरियल सेंटर की ट्रैवलिंग स्कूल ऑफ ऑन्कोपैथोलॉजी तथा आईएपीएम राजस्थान चैप्टर के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय ऑन्कोपैथोलॉजी वर्कशॉप एवं सीएमई कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अकादमिक आयोजन में देशभर से पैथोलॉजिस्ट, रेजिडेंट और टेक्नोलॉजिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. अशोक कलवार रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में प्रिसीजन ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में पैथोलॉजी की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ बनाने और युवा चिकित्सकों को नई दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। विशेषज्ञ वक्ता डॉ. सुमीत गुजराल ने ऑन्कोपैथोलॉजी में केस आधारित चर्चाओं और लाइव माइक्रोस्कोपी की उपयोगिता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इन आधुनिक तरीकों से रोगों की सटीक पहचान और उपचार की दिशा में बेहतर निर्णय लिए जा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान डॉ. आयुषी सहाय, डॉ. के.पी. अरविंदन, डॉ. नुजहत हुसैन, डॉ. नवीन खत्री, डॉ. केदार के. देवधर, डॉ. विनीता पंत और डॉ. स्वेता राजपाल ने जेनिटोयूरिनरी पैथोलॉजी, डर्मेटोपैथोलॉजी सहित विभिन्न ऑन्कोलॉजिक क्षेत्रों पर अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए।
