

ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ अभियान के तहत पुलिस थाना नयाशहर की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश (आईपीएस), बीकानेर रेंज तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की रोकथाम एवं संबंधित मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन एवं वृताधिकारी अनुज डाल के निकटतम सुपरविजन में थाना नयाशहर प्रभारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा लगातार संदिग्ध ठिकानों पर गोपनीय नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान 16 अप्रैल को बजरंग कॉलोनी, एमपी नगर क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां से प्रकरण संख्या 75/2026, धारा 8/20, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट, थाना एमपी नगर बीकानेर में वांछित आरोपी दिनेश पुत्र मनफुल दिलोया (विश्नोई) उम्र 22 वर्ष, निवासी जेबी कॉलोनी, बजरंग धोरा, थाना मुक्ता प्रसाद नगर, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
