


बीकानेर। बीकानेर पुष्करणा समाज की ओर से 12 अप्रैल को ओझा सत्संग भवन में रुद्राभिषेक एवं विश्वरक्षक भैरव पूजन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। प्रेस वार्ता में आयोजक देवीलाल उपाध्याय ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य विश्व शांति और समस्त मानवता के कल्याण की कामना करना है। उन्होंने कहा कि पुष्करणा समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं, ताकि सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया जा सके। एडवोकेट हीरालाल हर्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए निमंत्रण पत्र वितरण और जनसंपर्क अभियान व्यापक स्तर पर चलाया गया है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को आमंत्रित किया गया है, जिससे अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके। कमल कल्ला ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और विश्व शांति के इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।
