

लालेश्वर महादेव मंदिर में 21 से 26 अप्रैल तक महोत्सव कार्यक्रम
बीकानेर। श्रीलालेश्वर महादेव मंदिर में 21 से 26 अप्रैल तक मंदिर अधिष्ठाता पूज्य स्वामी श्रीविमर्शानंद गिरिजी महाराज के पावन सान्निध्य में विभिन्न धार्मिक महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के तहत 21 अप्रैल को भगवान आद्य श्रीशंकराचार्य जी के प्राकट्य दिवस पर पूजन, प्रस्थानत्रय भाष्य पाठ एवं उनकी जीवनी पर विशेष विमर्श किया जाएगा। 22 अप्रैल को स्वामी संवित् श्री सोमगिरि जी महाराज का पंचम निर्वाण दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर समाधि मंदिर में नथमल पुरोहित द्वारा पूजन एवं अभिषेक किया जाएगा। साथ ही संत सभा का आयोजन भी होगा, जिसमें हरिद्वार से आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी श्री विशोकानंद भारती महाराज एवं भूमानंद सरस्वती महाराज पधारेंगे।
