

कक्षा 9-10 में वाणिज्य संकाय पुनः लागू करने की मांग
बीकानेर। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र किराडू एवं सचिव विजय चांडक ने बीकानेर कॉमर्स क्लब की मांग पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को कक्षा 9वीं एवं 10वीं में वाणिज्य विषय बुककीपिंग/लेखाशास्त्र को पुनः लागू करने के संबंध में पत्र भेजा है। पत्र में उल्लेख किया गया कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व पाठ्यक्रम में कक्षा 9वीं एवं 10वीं स्तर पर बुककीपिंग (पुस्तपालन), वाणिज्यिक गणित एवं व्यापारिक ज्ञान जैसे विषय पढ़ाए जाते थे। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर पर ही व्यापारिक गतिविधियों, लेखांकन के सिद्धांतों, जर्नल प्रविष्टियों तथा खाता-बही की मूलभूत जानकारी मिलती थी। वर्तमान में ये विषय केवल कक्षा 11वीं-12वीं से शुरू होते हैं, जिससे विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में प्रारंभिक समझ विकसित करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। पत्र में यह भी बताया गया कि यदि इन विषयों को पुनः लागू किया जाता है तो विद्यार्थियों की उद्योगों एवं व्यापारिक प्रक्रियाओं को समझने की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही लेखाशास्त्र एवं व्यवसायिक अध्ययन में रुचि विकसित होगी और भविष्य में कॉमर्स विषय चुनने वाले विद्यार्थियों के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।
