

मालदा की घटना पर बार एसोसिएशन ने जताया रोष
बीकानेर। बार एसोसिएशन, बीकानेर ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों के साथ हुई गंभीर एवं निंदनीय घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार न्यायिक अधिकारी मतदाता सूची के निरीक्षण हेतु वहां पहुंचे थे। इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा उनकी न्यायिक कार्यवाही में बाधा उत्पन्न की गई, जो न्यायपालिका की गरिमा के विरुद्ध है। बार एसोसिएशन का मानना है कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं न्यायिक प्रणाली के लिए अत्यंत घातक हैं। यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्यवाही नहीं की गई, तो इससे न्यायपालिका की स्वतंत्रता एवं कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
