

पत्रकार जनता और सरकार के बीच संवाद का मजबूत सेतु
बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के पत्रकारों से संवाद कार्यक्रम में रुबरु हुए। पत्रकारों ने इस वर्ष के बजट में राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के अंतर्गत दी जाने वाली सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने के साथ ही राजस्थान आवासन मंडल के माध्यम से जयपुर में आवासीय योजना लाये जाने की घोषणा सहित अन्य पत्रकार कल्याण के कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। शर्मा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। वे जनता और सरकार के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु है। पत्रकारों पर समाज को विश्वास होता है तथा पत्रकार सदैव जनहित के मुद्दे सामने लाकर समाज को जागरूक करते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों से व्यक्तिशः संवाद किया और उनके सुझावों को भी सुना तथा उनकी सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर पत्रकारों की सम्मान निधि 25000 रुपए प्रतिमाह करने और इसके लिए आयु सीमा 60 से घटाकर कर 58 वर्ष करने का आग्रह किया क्योंकि पत्रकारों के लिए गठित सभी वेतन आयोग में सेवानिवृत्त की आयु सीमा 58 वर्ष ही है। साथ ही पत्रकारों को रियायती दर पर भूखंड आवंटन के लिए जो नियमावली बनाई गई थी, उस नियमावली के तहत ही वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान निधि (पेंशन) दी जाए। इस मौके पर जयनारायण बिस्सा, राजेंद्र सेन, सुमित व्यास, राजेश ओझा, राजा जोशी, गिरीराज हर्ष, निर्दाेष व्यास, आनंद जोशी आदि उपस्थित थे।
