

दो फीट लंबी, 9 किलो वजनी मूली बनी आकर्षण का केंद्र
बीकानेर। जयपुर रोड स्थित एक निजी फार्म हाउस में प्राकृतिक तरीके से उगाई गई एक विशालकाय मूली इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। लगभग दो फीट लंबी और करीब 9 किलो वजन की यह मूली न केवल अपने आकार में असाधारण है, बल्कि देसी व प्राकृतिक खेती की सफलता का भी उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। आयुर्वेद के अनुसार इस समय मूली खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर को ठंड के मौसम में आवश्यक पोषण मिलता है। कड़ाके की ठंड में देसी भोजन के साथ मूली का स्वाद लोगों को विशेष रूप से पसंद आता है। ऐसे में इतनी बड़ी और ताजी मूली का प्राकृतिक रूप से उगना लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है। फार्म हाउस संचालक के अनुसार यह मूली बिना किसी रासायनिक खाद या कीटनाशक के, पूरी तरह प्राकृतिक विधि से उगाई गई है। जैविक खाद, समय पर सिंचाई और उचित देखभाल के चलते यह मूली असाधारण आकार तक पहुंच पाई। इसे देखने के लिए आसपास के लोग फार्म हाउस पहुंच रहे हैं और फोटो खिंचवाकर इसे यादगार बना रहे हैं।
