Bikaner Bikaner District Rajasthan

विश्वकर्मा योजना में 60 साल का होने पर व्यक्ति को प्रति माह मिलती है 3 हजार रू. पेंशन

पीएम स्वनिधि योजना और मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना से आमजन को जोड़ कर करें लाभान्वित, नगरीय निकाय इलाके में स्थित सभी अस्पतालों को लेनी होगी फायर एनओसी, पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में प्रथम और द्वितीय लोन की किस्त बढ़ाई
बीकानेर। शहरी सेवा शिविर 2025 को लेकर गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला कलेक्टर पट्टे, भवन मानचित्र, भू उपयोग परिवर्तन, भूखंडों के उप विभाजन के लंबित कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने नगर पालिका इलाके में स्थित सभी अस्पतालों को फायर एनओसी लेने और फायर एनओसी नहीं लेने वाले अस्पतालों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
शहरी सेवा शिविर की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि शहरी सेवा शिविर के दौरान सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजनाएं पीएम स्वनिधि योजना और मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोडकर लाभान्वित करें। जिला कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना में 42 से 45 वर्ष आयु के व्यक्ति द्वारा प्रति माह 100 रुपए जमा कराने पर सरकार की ओर से 325 रुपए जमा करवाए जाते हैं और व्यक्ति के 60 वर्ष का होने पर 3000 रुपए पेंशन मिलती है। व्यक्ति की मृत्यु पर परिवार को आधी पेंशन मिलती रहेगी।यह योजना स्ट्रीट वेंडर्स, लोक कलाकारों इत्यादि के लिए अति महत्वपूर्ण है।
जिला कलेक्टर ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में भी बैंक से प्रथम और द्वितीय लोन की किश्त 10 और 20 हजार से बढ़ाकर क्रमश : 15 और 25 हजार कर दी गई है। तीसरी किस्त 50 हजार ही रखी गई है। जिला कलेक्टर ने कहा कि इस योजना को लेकर शहरी सेवा शिविर के टार्गेट पूरे करने के साथ साथ अधिक से अधिक फार्म भरवा कर पथ विक्रेताओं को आर्थिक संबल प्रदान करें । इस योजना में अब दिहाड़ी मजदूर, ठेला लगाने वाले,बाल काटने वाले,सब्जी बेचने वालों समेत विभिन्न कैटेगरी को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *