

साहित्य रॉयल टीम ने जीता खिताब
बीकानेर। तेरापंथ युवक परिषद गंगाशहर की ओर से आयोजित तेरापंथ प्रीमियर लीग रोचक आध्यात्मिक प्रतियोगिता 11 से 13 अगस्त तक शांतिनिकेतन प्रांगण में साध्वीश्री विशदप्रज्ञा जी और साध्वीश्री लब्धियशा जी के पावन सान्निध्य में संपन्न हुई। इस तीन दिवसीय आयोजन में ज्ञान, पुरुषार्थ और टीम भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। तेयुप उपाध्यक्ष प्रथम एवम प्रतियोगिता प्रभारी देवेंद्र डागा ने बताया कि कुल 8 टीमों ने भाग लिया। पहले दो दिनों में 12 लीग मैच खेले गए, जबकि 13 अगस्त को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले हुए। फाइनल में साहित्य रॉयल और प्रतिज्ञा वारियर्स आमने-सामने थे। कड़े संघर्ष के बाद धीरेन्द्र जी बोथरा के नेतृत्व में साहित्य रॉयल ने विजयी ट्रॉफी अपने नाम की। सभी प्रतिभागियों को तेयुप गंगाशहर द्वारा पुरस्कृत किया गया। विजेता उपविजेता के साथ सभी मैचों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच भी दिए गए।
