Bikaner Bikaner District Rajasthan

आंगनबाड़ी बहन सम्मान

सीधा प्रसारण और जिला स्तरीय कार्यक्रम रवीन्द्र रंगमंच पर आयोजित
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिए गुसांईसर की कार्यकर्ता श्रीमती मंजू जांगू को किया सम्मानित
बीकानेर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन’ के तहत ‘आंगनबाड़ी बहन सम्मान कार्यक्रम’ मंगलवार को जयपुर में आयोजित हुआ। जिला स्तर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रवींद्र रंगमंच पर हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहिनों से राखी बंधवाकर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। उन्होंने बहिनों की सुरक्षा का संकल्प लिया और उन्हें उपहार दिए। उप मुख्यमंत्री श्रीमती दियाकुमारी और महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती मंजू बाघमार में मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से प्रदेश की 1 लाख 21 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय खातों में 501 रुपए हस्तांतरित किए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इसी श्रृंखला में उन्होंने बीकानेर के गुसांईसर आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता श्रीमती मंजू जांगू को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री सुभाष बिश्नोई ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को विशेष सौगात दी गई। मुख्यमंत्री द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर जिले में नियोजित लगभग तीन हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 501 रुपए का हस्तांतरण संबंधित के बैंक खाते में किया गया। साथ ही जिले की समस्त मानदेयकर्मियों को उपहार स्वरूप छाता एवं मिठाई वितरित की गई।
जिला स्तरीय कार्यक्रम मां सरस्वती की आराधना और दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ। इस दौरान राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष श्री सीआर चौधरी, बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सोहन लाल, अतिरिक्त कलेक्टर नगर श्री रमेश देव, श्री श्याम पंचारिया, श्रीमती सुमन छाजेड़, श्री किशन चौधरी, श्री श्याम सिंह हाडला, श्री जोगेंद्र शर्मा, श्री रघुवीर प्रजापत सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मौजूद रहीं। पोषण दिवस और विभागीय कार्यों के निर्वहन में उत्कृष्ट कार्य करने पर जिले की महिला आंगनबाड़ी कर्मियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में बज्जू खालसा से कार्यकर्ता रक्षा, बीकानेर शहर से किरण देवी, नापासर से अंजना ओझा, तोलियासर से संतोष देवी जाट, 17 केवाईडी की लखविंदर कौर, कोलायत से रतन कंवर, लूणकरणसर से श्यामा पारीक, नोखा से संतोष बिश्नोई, पूगल से सुखजीत और पांचू सारुंडा से पूनम कंवर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं सभी मौजूद कर्मियों को छाता और मिठाई भेंट की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *