

डेजर्ट एडवेंचर टूरिज्म को लेकर तीन फर्म हुई लिस्टेड
बीकानेर। एडीएम प्रशासन श्री रामावतार कुमावत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणा वर्ष 2024-25 और 2025-26 के क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में श्री कुमावत ने कहा कि बजट घोषणाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है लिहाजा बजट घोषणाओं से संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को व्यक्तिगत रूप से देंखे और अद्यतन अपडेट लेकर ही बैठक में आएं।
डेजर्ट एडवेंचर टूरिज्म को लेकर तीन फर्म हुई लिस्टेड
बैठक में पर्यटन विभाग की बजट घोषणा को लेकर पर्यटन विभाग के उप निदेशक श्री अनिल राठौड़ ने बताया कि जिले में डेजर्ट एडवेंचर टूरिज्म को लेकर तीन फर्म लिस्टेड हुई हैं जो अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में बीकानेर आकर रायसर, गेमनापीर, बजरंग धोरा, कतरियासर और लाडेरां में फिजीबिलिटी चैक करेंगी और पीपीपी मोड पर कार्य प्रारंभ करेंगी।
श्री करणी माता मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर कार्य प्रारंभ
श्री राठौड़ ने बताया कि प्रसाद योजना के तहत देशनोक में श्री करणी माता मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर 23 करोड़ की राशि से 1 जून को कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बीकानेर में नाइट टूरिज्म को लेकर 9.50 करोड़ का प्रोजेक्ट, धार्मिक स्थल जीर्णोद्धार के अंतर्गत 1.70 करोड़ की प्रोजेक्ट लागत से हनुमान मंदिर, 1.62 करोड़ से मुरली मनोहर मंदिर, 1.98 करोड़ से श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, 63 लाख से शीतला माता मंदिर, सूरसागर झील के सौंदर्यीकरण को लेकर 6,20 करोड़ का प्रोजेक्ट पर्यटन विभाग मुख्यालय, कपिल सरोवर के सौंदर्यीकरण को लेकर 18 करोड़ का प्रोजेक्ट केन्द्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय को स्वीकृति हेतु भेजा हुआ है।
