

कोचिंग संस्थानों की आड़ में चल रहे अवैधानिक स्कूल्स एवं डमी प्रवेश लेने वाले स्कूल्स पर कार्रवाई की मांग
बीकानेर। कोचिंग संस्थानों की आड़ में चल रहे अवैधानिक स्कूल्स, डमी प्रवेश लेने व देने वाले स्कूल्स एवं बिना मान्यता चल रहे स्कूल्स पर शीघ्र कार्रवाई की मांग को लेकर शिक्षामंत्री मदन दिलावर को प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) ने ज्ञापन दिया। पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री से मिले प्रतिनिधि मंडल में रमेश बालेचा, लोकेश कुमार मोदी एवं रघुनाथ बेनीवाल सम्मिलित थे। खैरीवाल ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने उनकी मांगें सुनीं तथा शीघ्र से शीघ्र एक्शन प्लान बनाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। खैरीवाल ने बताया कि राज्य में पिछले कई दशकों से बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए गैर-सरकारी विद्यालय अथक प्रयास कर रहे हैं।
