

आपात स्थिति से निपटने के लिए एसपी मेडिकल कॉलेज में स्थापित होंगे भीष्म क्यूब्स
बीकानेर/जयपुर राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य निदेशालय ने बीकानेर के सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) के तहत भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित और मैत्री (BHISHM) क्यूब स्थापित करने के लिए सहमति मांगी है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य निदेशालय, जयपुर द्वारा जारी पत्र के अनुसार, केंद्र सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्वदेशी तकनीक से विकसित भीष्म क्यूब की तैनाती की पहल की है। यह क्यूब 200 घायलों के उपचार के लिए डिज़ाइन किया गया है और इसमें दो मॉदर क्यूब शामिल हैं, जिनमें 338 आवश्यक चिकित्सा उपकरण जैसे उन्नत ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (ATLS), सर्जिकल उपकरण, ऑपरेशन थिएटर, मिनी-आईसीयू, वेंटिलेटर, पोर्टेबल डायग्नोस्टिक उपकरण और आरएफआईडी-एकीकृत इन्वेंट्री प्रबंधन प्रणाली शामिल हैं।
