

ब्लॉक स्तरीय अधिकारी बैठे ना रहें, 3-4 घंटो का करें सदुपयोग
बीकानेर।संभागीय आयुक्त डॉ रवि सुरपुर ने कहा कि जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण जनसुनवाई और रात्रि चौपाल इस तरह से आयोजित करें कि जिले की सभी 364 ग्राम पंचायत कवर हो जाएं।इससे परिवादियों का संतुष्टि स्तर भी बढ़ेगा और परिवेदनाओं के निस्तारण का समय भी कम हो सकेगा। डॉ सुरपुर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से मुखातिब थे।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि पहले उन स्थानों पर जनसुनवाई आयोजित करें जिस ग्राम पंचायत की आबादी सर्वाधिक हो या जहां से सर्वाधिक परिवेदनाएं प्राप्त हो रही हों या ग्राम पंचायत मुख्यालय नहीं होने के बावजूद बड़ी आबादी वाला गांव है या जहां पुराने मामले सर्वाधिक हैं। उन्होने कहा कि ऐसा ना हो कि नजदीकी ग्राम पंचायत में हफ्ते में दो तीन बार अधिकारीगण जनसुनवाई कर आएं और जिला मुख्यालय से दूर किसी ग्राम पंचायत में कई महीनों बाद भी जनसुनवाई ना हो। एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार आपसी कॉर्डिनेशन से जनसुनवाई और रात्रि चौपाल का स्थान तय करें।
संपर्क पोर्टल पर 15 दिन से कम समय में हो परिवेदनाओं का निस्तारण
जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने कहा कि संपर्क पोर्टल पर परिवेदनाओं का निस्तारण समय हर हाल में 15 दिन से कम हो। जनसुनवाई में जिला कलेक्टर ने बज्जू में नहरी पानी चोरी की शिकायत पर संबंधित एसडीएम को सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शन हटवाने के निर्देश दिए। बीडीओ बीकानेर को हुसंगसर में आबादी भूमि पर अतिक्रमण को सात दिन में हटाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में 101 परिवेदनाएं आईं, ज्यादातर का किया मौके पर निस्तारण
जनसुनवाई में कुल 101 परिवेदनाएं प्राप्त हुई। जिनमें से ज्यादातर समस्याओं का जिला कलेक्टर ने मौके पर ही निस्तारण किया। इसके अलावा सतर्कता के अंतर्गत दर्ज 9 मामलों की भी सुनवाई की। जनसुनवाई में जिला कलेक्टर के अलावा सीईओ जिला परिषद श्री सोहनलाल, बीडीए कमिश्नर श्रीमती अपर्णा गुप्ता, नगर निगम कमिश्नर श्री मयंक मनीष, एडीएम सिटी श्री रमेश देव समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
