Bikaner Bikaner District Rajasthan

बीकानेर में पहली बार स्पोर्ट्स समिट का आयोजन, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट हब पर होगी चर्चा

बीकानेर में पहली बार स्पोर्ट्स समिट का आयोजन, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट हब पर होगी चर्चा
बीकानेर। खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट हब की आवश्यकता को रेखांकित करने के लिए बीकानेर में पहली बार “बीकानेर स्पोर्ट्स समिट 2025“ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नीरज के. पवन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के संयोजक अनिल जोशी ने बताया कि यह समिट 27 मार्च को दोपहर 12ः00 बजे जिला उद्योग संघ, बीकानेर में आयोजित की जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य बीकानेर में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाना है। बीकानेर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन खेलों के आधारभूत ढांचे की सख्त जरूरत है।
कार्यक्रम के संचालक रविंद्र हर्ष ने बताया कि इस समिट में बीकानेर के प्रशासनिक, व्यापारिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है। उनका मानना है कि किसी भी शहर का समुचित विकास तभी संभव है जब वहां खेलों के लिए उपयुक्त इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो।
कार्यक्रम के सहसंयोजक ज्योति प्रकाश रंग ने जानकारी दी कि इस एकदिवसीय समिट में विभिन्न खेलों के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल विशेषज्ञ शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों और उद्योग जगत के सुझावों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे डॉ. नीरज के. पवन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस समिट के लिए मंडल रेल प्रबंधक आशीष कुमार, संभागीय आयुक्त रवि कुमार सुरपुर, बीकानेर प्राधिकरण की अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक श्री ओमप्रकाश पासवान, अर्जुन अवार्डी एवं भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान मगन सिंह राजवी, भाजपा नेता रवि मेघवाल सहित बीकानेर जिला उद्योग संघ, बीकानेर व्यापार मंडल बीकानेर जिले के अनेक गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।
यह आयोजन बीकानेर को एक स्पोर्ट्स टैलेंट हब के रूप में विकसित करने और खेलों के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *