

रेलवे ग्राउंड में 22 और 23 फरवरी को होगा आयोजन
बीकानेर। बीकानेर के तीन से चौदह साल तक के बच्चों के लिए पहली बार भव्य चिल्ड्रन फेस्टिवल ’आजू गूजा’ का आयोजन किया जाएगा। यह फेस्टिवल 22 और 23 फरवरी को रेलवे ग्राउंड में आयोजित होगा। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की पहल पर आयोजित हो रहे इस अनूठे फेस्टिवल में देश भर से बच्चों के लिए थिएटर, चित्रकला, माइम, पॉटरी मेकिंग, ऑरिगेमी, कठपुतली, जादूगर, म्यूजिक एवं नृत्य के अलावा 50 से अधिक परफार्मिंग आर्टिस्ट बीकानेर आएंगे।
फेलकॉन्स ऑफ़ राजस्थान की होगी विशेष प्रस्तुति
आयुक्त ने बताया कि सुबह 10 से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस फेस्टिवल में दिन भर डांस और म्यूजिक की प्रस्तुतियां भी होगी. जैसलमेर के 15 बच्चों का एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें 6 से 15 साल तक के कलाकार खरताल, मोरचंग, ढोलक, खामायचा, बीन के साथ अपना गायन प्रस्तुत करेंगे। फेस्टिवल में आने वाले बच्चे भी इन कलाकारों से खरताल बजाना सीखेंगे।
तीन से 14 साल तक के बच्चों की ही होगी एंट्री
फेस्टिवल में माता-पिता या अभिभावक बच्चों के साथ ही प्रवेश ले सकेंगे। वयस्कों को अलग से प्रवेश नहीं मिलेगा। यह फेस्टिवल 3-14 साल तक के बच्चों के लिए ही आयोजित किया जा रहा है। इसलिए वयस्क, माता पिता या अभिभावक बच्चों के साथ ही प्रवेश कर पाएंगे। स्कूल की ओर से आने वाले बच्चों की एंट्री की व्यवस्था अलग से रहेगी।
