Bikaner Bikaner District Rajasthan

बीकानेर में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं, उद्यमियों की भूमिका महत्वपूर्ण

बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल का शपथ ग्रहण समारोह रविवार रवींद्र रंगमंच पर आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल थे। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर और उद्यमी श्री शिव रतन अग्रवाल फन्ना बाबू बतौर अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री मेघवाल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी के दौर में हमारा देश दुनिया की ग्यारहवीं अर्थव्यवस्था थी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इसे पांचवें स्थान पर पहुंचाया। प्रधानमंत्री का स्वप्न है कि हमारा देश जर्मनी और जापान को पीछे छोड़ते हुए वर्ष 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने। इसमें उद्यमियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जीडीपी के विभिन्न घटकों के बारे में बताया और कहा कि अनेक प्रतिकूलताओं के बावजूद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की जीडीपी स्थिर रही।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि मंडल का गौरवमयी इतिहास रहा है। नवनिर्वाचित पदाधिकारी इसी गरिमा के अनुसार सकारात्मक प्रयास करेंगे और बीकानेर के औद्योगिक विकास की दिशा में समन्वित कार्य किया जाएगा। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के सचिव जय सांड ने स्वागत उद्बोधन दिया। विजय बाफना ने बीकानेर में निफ्टम की शाखा प्रारम्भ करने की बात रखी।
इस अवसर पर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारियों द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों और केंद्रीय मंत्री द्वारा बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की सहयोगी संस्थाओं का अभिनंदन किया गया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री सहित अन्य अतिथियों ने मां लक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। श्री मेघवाल ने पहले बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और फिर पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उद्यमी कमल कल्ला ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया। इस दौरान कन्हैया लाल बोथरा, नरपत सेठिया, चम्पकमल सुराणा, सुरपत सिंह, विनोद बाफना, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, गुमान सिंह राज पुरोहित, बसन्त नवलखा, कानजी दुग्गड़, मोहन सुराणा, द्वारका प्रसाद पचीसिया, मनमोहन कल्याणी सहित प्रमुख उद्यमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *