

बीएसएनएलईयू का नवां राज्य स्तरीय सम्मेलन शुरू, कर्मचारियों के मुद्दों व भविष्य पर मंथन
बीकानेर। बीएसएनएलईयू का दो दिवसीय नवां राज्य स्तरीय सम्मेलन उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रीय महासचिव अनिमेष मित्रा ने यूनियन का ध्वज फहराकर किया। इसके पश्चात अधिवेशन सत्र आयोजित हुआ, जिसमें “बीएसएनएल की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की चुनौतियां” विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रविन्द्र कुमार, ओम प्रकाश खत्री एवं माधव शरण शर्मा उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता पी. अभिमन्यम एवं पी.के. जैन ने अपने विचार रखे। सम्मेलन की अध्यक्षता कमल सिंह गोहिल ने की।
गुलाम हुसैन ने बताया कि इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 200 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। अपने संबोधन में अनिमेष मित्रा ने कहा कि यूनियन कर्मचारियों के वर्तमान मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है, लेकिन केंद्र सरकार का रवैया बीएसएनएल के प्रति अपेक्षित सहयोगपूर्ण नहीं है। सम्मेलन में अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं अन्य यूनियन प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सम्मेलन के दूसरे दिन पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।
