

निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 80 मरीजों की जांच
बीकानेर। आयुर्वेद विभाग बीकानेर एवं धूतपापेश्वर फार्मा लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आचार्यों का चौक स्थित आयुर्वेद औषधालय में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ आयुर्वेद विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. राधेश्याम द्वारा भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ किया गया। शिविर प्रभारी डॉ. दीपिका शर्मा ने बताया कि शिविर में कुल 80 लोगों की निःशुल्क बीएमडी (हड्डियों में कैल्शियम) एवं शुगर की जांच की गई। मरीजों को जोड़ों के दर्द, गठिया, कमर दर्द, स्त्री रोग, बाल झड़ना एवं उदर रोगों के उपचार हेतु आयुर्वेदिक परामर्श दिया गया। इस दौरान लोगों को हड्डियों को मजबूत करने वाले आहार तथा औषधीय पौधों की जानकारी भी दी गई। साथ ही मधुमेह से बचाव के लिए योग एवं संतुलित आहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। शिविर में डॉ. दीपिका शर्मा एवं नर्स सरोज कुमारी शेखावत ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के माध्यम से आमजन को आयुर्वेद के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
