Bikaner Bikaner District Rajasthan

रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना हुए 676 वरिष्ठ नागरिक यात्री

रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना हुए 676 वरिष्ठ नागरिक यात्री
बीकानेर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत इस वर्ष की पहली विशेष ट्रेन (भारत गौरव ट्रेन) रविवार को बीकानेर से रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना हुई। ट्रेन में बीकानेर और चूरू के 676 यात्री तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुए हैं। बीकानेर (पश्चिम) विधायक श्री जेठानंद व्यास ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सेवा-सुश्रुषा हमारे संस्कारों का हिस्सा है। इसे समझते हुए मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों की तीर्थ यात्रा योजना में और अधिक सुधार किया है। जिससे वरिष्ठजन पारिवारिक वातावरण में यात्रा कर सकें। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान वरिष्ठजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्हें गुणवत्तायुक्त भोजन सहित रहने की बेहतर व्यवस्थाएं की जाए। उन्होंने यात्रियों के मुलाकात की और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दी।
देवस्थान विभाग की निरीक्षक सोनिया रंगा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को पूरी यात्रा में भोजन, रहने तथा अन्य सभी सुविधाएं सरकार द्वारा मुहैया करवाई जाएगी। ट्रेन प्रभारी के साथ 20 अनुदेशक और मेडिकल टीम भी रहेगी। ट्रेन 28 सितम्बर को वापिस लौटेगी। पहली बार पूरी ट्रेन वातानुकूलित है। संपूर्ण यात्रा निःशुल्क होगी। इसका आयोजन देवस्थान विभाग द्वारा आईआरसीटीसी द्वारा करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सहायक आयुक्त गौरव सोनी के निर्देशन में सभी व्यवस्थाएं की गई।
गाजे बाजे से रवाना हुए यात्री, परिजनों में दिखा उत्साह
अपने परिजनों को तीर्थ यात्रा के लिए रवाना करने बड़ी संख्या में परिवारजन भी आए। ढोल नगाड़ों के बीच सभी ने परिजनों को मालाएं पहनाकर और उपरना ओढाकर सम्मान किया। वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर चमक और सम्मान का भाव देखने को मिला। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाई तो वरिष्ठजनों ने देवी देवताओं के जयकारे के साथ रवानगी ली।
इस दौरान देवस्थान विभाग के राजेश दाधीच, गोपाल आचार्य, रितेश श्रीमाली, अभिषेक श्रीमाली, महेश शर्मा, राहुल कसेरा, संदीप, कल्पित शर्मा, श्रीमती सोनू शर्मा, श्रीमती अनुसूया, विजय, मोहन और कैलाश तथा जोगेंद्र शर्मा, अनिल आचार्य सहित जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *