

31 प्रतिभाओं का होगा सम्मान, छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह 14 जून को
बीकानेर। शाकद्वीपीय ब्राह्मण उच्च शिक्षा समिति, बीकानेर द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह का आयोजन 14 जून को स्वर्गीय प्रेम रतन सेवग सभागार, शिव शक्ति भवन, डागा चौक, बीकानेर में किया जाएगा।
समिति की बैठक आर.के. शर्मा एवं श्याम सुंदर शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें समारोह की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि छात्रवृत्ति, प्रोत्साहन पुरस्कार तथा यूजीसी-नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली कुल 31 प्रतिभाओं को छात्रवृत्ति राशि एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। समारोह के संयोजक महेश भोजक ने बताया कि नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छह विद्यार्थियों को 35-35 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं सीए कोचिंग हेतु दो विद्यार्थियों को 21-21 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यूजीसी-नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली दो प्रतिभाओं को 10-10 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को 2100-2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में दुर्गादत्त भोजक, बजरंगलाल सेवग (मास्टर), नरेंद्र शर्मा, के.डी. सेवग, गिरधर पंडित शर्मा, पवन शर्मा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
