

कहानी संग्रह ‘अपराजिता’ का हुआ लोकार्पण, साहित्यकारों ने रेखांकित की रचनाओं की विशेषताएं
बीकानेर। वी.आर. फाउंडेशन के तत्वावधान में सोशल प्रोग्रेसिव सोसाइटी द्वारा प्रकाशित उपन्यासकार एवं कथाकार रेणु बाला चौहान के कहानी संग्रह ‘अपराजिता’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के विशाल सोलंकी ने कहानी संग्रह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर डॉ. नमामी शंकर आचार्य ने पत्रवाचन करते हुए संग्रह की प्रत्येक कहानी एवं उसके पात्रों की विशेषताओं को रेखांकित किया। लेखिका रेणु बाला चौहान ने अपने अनुभवों एवं विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहानियों के मूल कथानक, विचारों और भावों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नदीम अहमद इमरोज एवं राजेश शर्मा ने संस्था की ओर से रेणु बाला चौहान का सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोविन्द माथुर ने की। मुख्य अतिथि साहित्यकार बुलाकी शर्मा ने कहा कि रेणु बाला चौहान की कहानियों की विशेषता है कि वे पाठकों के मन में अंत तक औत्सुक्य बनाए रखती हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मेघना शर्मा उपस्थित रहीं।
