

कृषि विभाग के दल ने उर्वरक व कीटनाशी विक्रेता फर्मों का किया औचक निरीक्षण
बीकानेर। रबी फसलों की बुवाई के मद्देनजर किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध करवाने तथा कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग की ओर से सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग के उच्चस्तरीय दल ने उर्वरक विक्रेता फर्म श्री खाद सहित कीटनाशी विक्रेता फर्म का औचक निरीक्षण किया। कृषि (विस्तार) बीकानेर खंड के अतिरिक्त निदेशक हीरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण दल में सहायक निदेशक कृषि सुभाष चन्द्र बिश्नोई भी शामिल रहे। दल ने फर्मों के भौतिक स्टॉक, पीओएस मशीन के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर एवं बिलिंग प्रक्रिया की गहन जांच की। इस दौरान सहायक निदेशक कृषि बिश्नोई ने गुणवत्ता परीक्षण के लिए कीटनाशी विक्रेता फर्म से तीन नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित फर्म के कीटनाशी विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई तथा फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। शर्मा ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को निर्देश दिए कि उर्वरकों एवं कीटनाशकों का वितरण विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से किया जाए। किसानों को केवल मानक एवं प्रमाणित उत्पाद उपलब्ध करवाए जाएं तथा प्रत्येक बिक्री पर अनिवार्य रूप से पक्का बिल जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं कीटनाशी अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि रबी फसलों के लिए बीकानेर खंड में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें। उन्होंने किसानों से अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों एवं कीटनाशकों की खरीद करने का आग्रह किया।
