

एनएसएस के स्वयंसेवक बने सरकार के युवा एम्बेसडर
बीकानेर। रामपुरिया जैन विधि महाविद्यालय में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और साहित्य वितरित किया गया। जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक हरि शंकर आचार्य ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक कार्य किए गए हैं। आमजन इनकी जानकारी ले सकें तथा इन योजनाओं का लाभ उठा सकें, इसके मद्देनजर इनका प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार की युवा कल्याण से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया और कहा कि युवा कल्याण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। आचार्य ने कहा कि एनएसएस के स्वयंसेवक सरकार की इन योजनाओं की जानकारी लक्षित वर्ग तक पहुंचाने में भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सेवा का संकल्प लेकर चलने वाले स्वयंसेवक सरकार के युवा एम्बेसडर के रूप में कार्य करें तथा ग्रामीण क्षेत्रों में इस साहित्य का वितरण करने के साथ योजनाओं के बारे में जानकारी साझा करें। नेशनल कॅरियर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने एनएसएस के उद्देश्यों और युवाओं से अपेक्षा के बारे मे बताया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का स्वर्णिम इतिहास रहा है। आज के दौर में सेवा प्रकल्पों में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कॅरियर से जुड़ी विभिन्न जानकारी साझा की। युवाओं से सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
